रिपोर्ट -संजीव ठाकुर
रांची: राजधानी रांची के कमड़े स्थित इस्कॉन मंदिर में आज भगवान श्रीकृष्ण की छठी महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। मंदिर प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार छठी का आयोजन दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे तक होगा। इस दौरान विशेष कथा वाचन, भक्ति कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण की आरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
कृष्ण बलराम मंदिर, कमड़े के प्रभारी गोपाल गौरांग दास ने बताया कि छठी महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की शुरुआत 12 बजे विशेष कथा से होगी, जिसके बाद भक्तों द्वारा कीर्तन और भजन-पूजन किए जाएंगे। ठीक दो बजे भगवान की आरती संपन्न होगी। आरती के उपरांत सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
बताते चलें कि श्रीकृष्ण छठी महोत्सव हर वर्ष जन्माष्टमी के छठे दिन मनाया जाता है। यह पर्व भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को आयोजित होता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन श्रीकृष्ण के बालस्वरूप की पूजा की जाती है और उनके जीवन से जुड़ी लीलाओं का स्मरण किया जाता है। भक्त इसे बालकृष्ण की छठी के रूप में धूमधाम से मनाते हैं।
कमड़े इस्कॉन मंदिर में इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां की हैं। भक्ति और उल्लास से भरपूर इस आयोजन में भक्तजन न केवल पूजा-अर्चना करेंगे, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के बालरूप की लीलाओं का आनंद भी उठाएंगे।

