रांची। राज्य की मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गयी है। सरकार की हर योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती जा रही है। इस सरकार ने युवाओं के साथ वादख़िलाफ़ी की है। किसी भी विषय पर सरकार सम्पूर्ण समाधान का रास्ता नहीं निकाल सकी है। नौकरी और नियोजन पर सरकार पूर्णतः फेल है। लाखों रिक्त पदों पर पारदर्शी नियुक्ति का रोड मैप सरकार के पास नहीं है।

यह बातें आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने बुढमू के तिरु फॉल में आयोजित पार्टी के कांके विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में कही।

उन्होंने कहा कि राज्य में पलायन, रोजगार, नियोजन, कानून व्यवस्था हर पहलू पर सरकार विफल हो गयी है। सरकार अपना एक भी वादा पूर्ण नहीं कर सकी है। युवाओं के सपनों को सरकार ने मारा है। विस्थापन और पुनर्वास जैसे विषयों पर भी सरकार गंभीर नहीं दिखती है। छात्रों को छात्रवृति का पैसा भी सरकार नहीं दे सकी है।

सुदेश ने कहा कि अंचल कार्यालय से लेकर पुलिस थाने तक प्रशासनिक कार्य का स्तर निम्न हुआ है। अनैतिक और अवैध कार्य सरकारी महकमे की पहचान बन गई है। झारखंड के नौकरशाही का स्तर बहुत निम्न स्तर पर पहुंच चुका है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनमुद्दों पर संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया।