पटना ; बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि राज्य में अब तक आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आधारित स्कैन एंड शेयर सेवा के माध्यम से पांच करोड़ से अधिक टोकन बना कर बिहार देश में पहले स्थान पर है।
मंत्री श्री पाण्डेय ने आज बयान जारी कर कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आधारित स्कैन एंड शेयर सेवा के माध्यम से ओपीडी पंजीकरण में बिहार पूरे देश में पहले स्थान पर है। राज्य में अब तक आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आधारित स्कैन एंड शेयर सेवा के माध्यम से पांच करोड़ से अधिक टोकन बनाए जा चुके हैं। बिहार सरकार की यह पहल डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को हर नागरिक तक पहुंचाने के संकल्प को दर्शाती है। इस सुविधा से अब तक पांच करोड़ से अधिक मरीज लाभान्वित हो चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, सुलभता और गति आई है।

