रांची। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर सभी जिलों में गोष्ठियां आयोजित हुईं, जिनमें उपाध्याय जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय की विचारधारा पर चलकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का संकल्प लिया।

राजधानी रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने माल्यार्पण कर नमन किया। इस मौके पर विधायक सी.पी. सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, जिला अध्यक्ष वरुण साहू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मरांडी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का विचार भारत की मिट्टी का विचार है। वे दूरदृष्टा, विचारक और कुशल चिंतक थे। विभाजन के बाद तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करने के लिए उन्होंने भारतीय जनसंघ के रूप में देश को नई राजनीतिक दिशा दी।

उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी ने राष्ट्रवाद के साथ अंत्योदय पर बल दिया और समरस भारत की परिकल्पना की। उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की धारा से जोड़ना ही विकसित भारत की राह है।

मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उपाध्याय जी के विचारों को धरातल पर उतार रही है। गरीब कल्याण योजनाओं के कारण 25 करोड़ परिवार गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। आज विकास के साथ भारत की सनातन संस्कृति और विरासत का भी गौरव बढ़ रहा है।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और विचारक थे जिन्होंने देश सेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। ऐसे महामानव से आज करोड़ों कार्यकर्ता प्रेरित होकर आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी भारत बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।