रांची। राजधानी में दुर्गा पूजा उत्सव का रंग चढ़ने लगा है। गुरुवार से कई प्रमुख पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिनकी भव्यता, आकर्षक थीम और सामाजिक संदेश लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। जिला स्कूल मैदान में श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति का पंडाल इस बार रांची का सबसे महंगा पंडाल माना जा रहा है। स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर तैयार इस पंडाल पर करीब 1 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जिसमें 90 लाख रुपये सिर्फ पंडाल निर्माण पर लगे हैं। महाशक्ति दुर्गा पूजा समिति, बूटी मोड़ का पंडाल शाम 6 बजे उद्घाटित हुआ। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर बने इस पंडाल में भारत का विशाल मानचित्र केंद्र में है। लेजर शो के माध्यम से श्रद्धालु मां दुर्गा की शक्ति और देशभक्ति का अद्भुत संगम देख रहे हैं। वहीं, भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार का पंडाल 26 सितंबर को शाम 5 बजे खुलेगा। यहां नारी शक्ति को सम्मान देने के लिए 31 कन्याओं को मां दुर्गा के रूप में आमंत्रित कर विशेष पूजन किया जाएगा। इस बार रांची के पंडाल केवल भव्यता ही नहीं, बल्कि देशभक्ति और नारी सम्मान के संदेशों के कारण भी चर्चा में हैं। शहरवासी और भक्त इन अनूठी झांकियों को देखने के लिए उत्सुक हैं।

