रांची : झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने 9 वर्षों से लंबित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के शीघ्र आयोजन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि राज्य के लाखों प्रशिक्षित शिक्षक अभ्यर्थी पिछले करीब नौ वर्षों से JTET परीक्षा के आयोजन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लंबे समय से परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चित होता जा रहा है। साथ ही राज्य में शिक्षकों की कमी लगातार बनी हुई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

संघ ने सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें JTET की संशोधित नियमावली को अविलंब कैबिनेट से पारित करने, परीक्षा की तिथि और परिणाम की समय-सीमा जल्द घोषित करने तथा NCTE के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हर वर्ष नियमित रूप से JTET परीक्षा आयोजित करने का स्थायी प्रावधान करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा B.Ed और D.El.Ed के एपियरिंग अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए JTET परीक्षा आयोजित कर शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की गई।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार सहित रवींद्र पासवान, मनीष चंद्रा, हरिकेश महतो, राकेश रजक, संजय रजक, संतोष कुमार, दुर्गेश चंद्रवंशी, हेमंत पाठक, आलोक कुमार, वेद प्रकाश, कमलेश चौधरी, राधे कुमार, नीरज कुमार और राहुल यादव ने कहा कि यदि जल्द ही परीक्षा आयोजन को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो अभ्यर्थी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।

संघ ने राज्य सरकार से अभ्यर्थियों के भविष्य और राज्य की शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।