रांची : सीसीएल में आज संगठनात्मक कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग तथा उत्खनन विभाग के मानक संचालन प्रक्रिया (Standard Operating Procedure – SOP) का विधिवत विमोचन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (तकनीकी एवं संचालन) श्री चंद्रशेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनूप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार सहित विभागाध्यक्षगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सीएमडी सीसीएल श्री निलेंदु कुमार सिंह सहित गणमान्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से SOP का विमोचन किया गया। यह SOP संबंधित विभागों के कार्यों के निष्पादन हेतु एक स्पष्ट, मानकीकृत एवं व्यवस्थित दिशा-निर्देश प्रदान करेगा।
इस SOP का प्रमुख उद्देश्य कार्यप्रणाली में एकरूपता स्थापित करना, प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाना तथा संचालन में दक्षता को बढ़ाना है। इसके माध्यम से कार्यों के निष्पादन में स्पष्टता आएगी। SOP के क्रियान्वयन से निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक सुसंगत एवं समयबद्ध होगी, जिससे कार्यों की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार अपेक्षित है।इस प्रकार की मानकीकृत प्रक्रियाएं संगठन को अधिक सुदृढ़ एवं उत्तरदायी बनाती हैं। यह पहल न केवल आंतरिक कार्यप्रणाली को सशक्त करेगी, बल्कि संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा प्रबंधन को भी अधिक प्रभावी बनाएगी।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस SOP के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया तथा संबंधित विभागों से अपेक्षा की गई कि वे निर्धारित दिशानिर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि संगठन की समग्र कार्यक्षमता में सकारात्मक वृद्धि हो सके।
सीसीएल सतत विकास एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को इस प्रकार की पहलों के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

