नयी दिल्ली ; दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों के लिए रविवार को हुए उपचुनाव में मतदाताओं की एकबार फिर उदासीनता देखने को मिली। आधिकारिक जानकारी के अनुसार शाम 5:30 बजे तक बेहद कम मतदान 38.51 प्रतिशत हुआ।
मतदाताओं ने इस उपचुनाव को कम गंभीरता से लिया और घरों से कम संख्या में निकले। जहां दोपहर तक महज 21.84 प्रतिशत मतदान हुआ था वही शाम तक साढ़े पांच बजे तक लगभग 38.51 मतदान दर्ज किया गया। जानकारी के मुताबिक सबसे अधिक मतदान चांदनी महल में 55.93 प्रतिशत रहा, वहीं सबसे कम ग्रेटर कैलाश जैसे इलाके में मात्र 26.76 प्रतिशत रहा।उपचुनाव में 26 महिलाओं सहित 51 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने सबसे ज्यादा 8 महिला उम्मीदवारों को चुनावी रण में उतारा है, इसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने 6 और कांग्रेस ने 5 महिला उम्मीदवार उतारे हैं। इस उपचुनाव में शाम 5:30 बजे तक महज 38.51 फीसदी मतदान हुआ। अब वोटों की गिनती बुधवार 3 दिसंबर को होगी।