रांची। झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि भाजपा नफरत और विभाजन की राजनीति की विशेषज्ञ है, जबकि वे प्रेम, भाईचारे और इंसानियत के रास्ते पर चलकर लोगों के दिल जीतने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा और सम्मान के लिए समर्पित है।
डॉ. अंसारी ने झारखंड की जनता द्वारा मिले अभूतपूर्व स्वागत, प्रेम और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और जनहित की राजनीति का सम्मान है। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना, कठिन परिस्थितियों में उनका सहारा बनना और समाज के हर वर्ग की आवाज उठाना ही एक जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा धर्म है।
उन्होंने कहा कि जनता का अथाह प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। यही विश्वास उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान और अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज को बांटने और नफरत फैलाने की राजनीति करते हैं, लेकिन उनका विश्वास प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता में है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता हमेशा भाईचारे और आपसी सौहार्द की पक्षधर रही है और यही राज्य की सबसे बड़ी ताकत है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वे झारखंड की जनता को विश्वास दिलाते हैं कि उनके हर सुख-दुख, संघर्ष और उम्मीद के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनकी ताकत, जनता का प्यार उनकी पहचान और जनता की सेवा उनका संकल्प है।

