Ranchi: राज्य के विभिन्न विद्युत सप्लाई क्षेत्रों में कार्यरत कामगारों के वेतन से बिना पूर्व सूचना के की गई कटौती को लेकर श्रमिकों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार गीतराज एजेंसी द्वारा दिसंबर और जनवरी माह में कार्यरत कामगारों के वेतन से करीब तीन हजार रुपये “ग्रुप इंश्योरेंस” और “एक्सीडेंटल इंश्योरेंस” के नाम पर काट लिए गए हैं। इस मामले को लेकर राज्यभर के कामगारों में एजेंसी के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए Jharkhand Urja Vikas Shramik Sangh ने राज्य के सभी सप्लाई एरिया बोर्ड के महाप्रबंधकों (जीएम) को पत्र लिखकर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने और काटी गई राशि को अविलंब कामगारों के खाते में वापस कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय कटौती से पहले कामगारों को इसकी स्पष्ट जानकारी देना और उनकी सहमति लेना अनिवार्य होता है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया।
संघ के केंद्रीय अध्यक्ष Ajay Rai ने कहा कि बिना किसी सूचना और सहमति के कामगारों के वेतन खाते से पैसे काटना पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि मेहनत से काम करने वाले श्रमिकों के साथ इस तरह का व्यवहार अन्यायपूर्ण है और इससे उनका मनोबल भी प्रभावित होता है।
उन्होंने एजेंसी से सवाल किया कि आखिर किस आधार पर यह कटौती की गई और इसकी जानकारी कामगारों को पहले क्यों नहीं दी गई। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार का बीमा या अन्य सुविधा लागू की जाती है तो उसकी पूरी जानकारी और शर्तों के साथ कामगारों की सहमति लेना जरूरी है।
अजय राय ने बताया कि इस संबंध में वे सोमवार को रांची स्थित महाप्रबंधक से मुलाकात कर पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग करेंगे। साथ ही एजेंसी द्वारा की गई कटौती की जानकारी सार्वजनिक करने और कामगारों से काटी गई राशि जल्द वापस कराने की मांग भी करेंगे।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। श्रमिक संघ ने उम्मीद जताई है कि प्रबंधन इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कामगारों के हित में त्वरित निर्णय करेगा।

