पटना। रक्षाबंधन के मौके पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाएं राज्यभर में निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा 27 अगस्त (गुरुवार) सुबह 6 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त (शुक्रवार) रात 10 बजे तक जारी रहेगी।
निगम के अनुसार इस अवधि में करीब 1075 बसों में महिलाओं को बिना टिकट यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसमें एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, पीएम ई-बस और पीपीपी मॉडल के तहत संचालित सभी श्रेणी की बसें शामिल हैं। सुविधा राज्यभर में निगम के विभिन्न मार्गों पर लागू होगी। व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
रोजाना एक लाख से अधिक यात्री करते हैं सफर
बीएसआरटीसी के अनुसार वर्तमान में निगम के अधीन एक हजार से अधिक बसों का संचालन हो रहा है। इनमें पीपीपी मॉडल पर चलने वाली बसें भी शामिल हैं। इन बसों से प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या करीब 50 प्रतिशत है।
महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाजनक आवागमन को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार की ओर से पिंक बसों का भी संचालन किया जा रहा है। निगम के अनुसार इस सेवा को महिलाओं की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन पर जोर
परिवहन सचिव राजकुमार ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा की व्यवस्था हर वर्ष की तरह इस बार भी की गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महिलाएं बिना किसी आर्थिक बाधा के अपने भाइयों तक पहुंच सकें और सुरक्षित व सुविधाजनक तरीके से राखी का त्योहार मना सकें।
उन्होंने बताया कि केवल राखी बांधने के लिए जाने वाली महिलाएं ही नहीं, बल्कि रक्षाबंधन के दिन ऑफिस, कोचिंग, बाजार या अन्य जरूरी कामों के लिए यात्रा करने वाली महिलाओं को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके अलावा अंतरजिला और अंतरराज्यीय मार्गों पर चलने वाली निगम की बसों में भी महिलाएं निर्धारित अवधि के दौरान बिना टिकट यात्रा कर सकेंगी।
निगम की इस पहल से रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को आवागमन में राहत मिलने के साथ-साथ त्योहार पर अपने परिवार और भाइयों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

