रांची । देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर परमहंस संत शिरोमणि सदानंद महाराज जी के सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्री राधा-कृष्ण राज श्यामा जी का नवीन वस्त्रों एवं आकर्षक आभूषणों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। भगवान को विविध व्यंजनों का भोग अर्पित करने के बाद सामूहिक आरती हुई। महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने देवउठनी एकादशी की महत्ता बताते हुए कहा कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। उन्होंने तुलसी विवाह तथा श्री खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव की धार्मिक महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्य, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्री राधा-कृष्ण से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
यह जानकारी ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

