रांची। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की लंबे समय से प्रतीक्षित नई मानव संसाधन (HR) Policy लागू होने के बाद राज्यभर से रांची पहुंचे JSLPS कर्मियों में खुशी का माहौल रहा। कर्मियों ने ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का आभार जताया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के साथ मंत्री का स्वागत किया गया।

नई HR Policy लागू होने से JSLPS में करीब 1,300 अतिरिक्त पदों पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इससे संस्था में मानव संसाधन की कमी दूर करने के साथ कार्यक्षमता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलेगी। वहीं, राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि JSLPS कर्मियों की भूमिका ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि झारखंड में 32 लाख से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण में JSLPS कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

मंत्री ने कहा कि नई HR Policy कर्मियों के मनोबल और कार्यक्षमता को बढ़ाने के साथ संस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वित्त मंत्री के प्रति आभार जताया। साथ ही, लंबे समय तक धैर्य बनाए रखने और निरंतर काम करने के लिए JSLPS कर्मियों को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि HR Policy लागू होने के साथ कर्मियों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। अब उन्हें और अधिक समर्पण के साथ ग्रामीण महिलाओं को आजीविका, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास और महिला उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने का काम करना होगा।

मंत्री ने कहा, “सशक्त JSLPS, सशक्त महिलाएं और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था झारखंड के विकास की मजबूत नींव हैं।”

वहीं, नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि JSLPS की पहचान उसके महिला समूहों के साथ जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि JSLPS कर्मियों के लिए लिया गया यह निर्णय उनके सुरक्षित भविष्य और रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसा निर्णय पहले कभी नहीं हुआ और शायद आगे भी ऐसा होना मुश्किल होगा।

कार्यक्रम में पाकुड़ विधायक निशात आलम, कांग्रेस नेत्री रमा खलको समेत JSLPS के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।