रांची: पड़ोसी राज्य बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो रेल परियोजना अपने पहले चरण के अंतिम दौर में है, वहीं झारखंड में भी मेट्रो रेल शुरू करने की मांग अब जोर पकड़ रही है। इस जनभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने रांची, जमशेदपुर और धनबाद में मेट्रो रेल परियोजना शुरू करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। यह प्रस्ताव केंद्रीय शहरी विकास एवं आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और विभागीय सचिव को भेजा गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव 10 जुलाई को रांची में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष रखा। अब नगर विकास विभाग ने इस प्रस्ताव को औपचारिक रूप से केंद्र सरकार को सौंप दिया है।

राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि मेट्रो रेल परियोजना राज्य के प्रमुख शहरों में यातायात की सुविधा को आधुनिक बनाने के साथ-साथ शहरीकरण को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के जरिए राज्य में चतुर्मुखी विकास की रफ्तार तेज होगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

झारखंड में मेट्रो रेल की शुरुआत न केवल राज्य के ढांचे को आधुनिक बनाएगी, बल्कि यह एक नए युग की शुरुआत भी होगी, जिससे भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा सकेगा।

Ask ChatGPT