रांची। लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल द्वारा रांची सदर (जिला) अस्पताल में संचालित परमानेंट प्रोजेक्ट “फूड फॉर हंगर” के तहत शनिवार को खिचड़ी वितरण कार्यक्रम का 70वाँ सप्ताह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह सेवा कार्य प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य अस्पताल में उपचाररत जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, पौष्टिक और समय पर भोजन उपलब्ध कराना है। वर्ष 2025 के अंतिम शनिवार को आयोजित यह कार्यक्रम सेवा, करुणा और मानवता के संकल्प का जीवंत उदाहरण बना।
इस अवसर पर चार्टर प्रेसिडेंट लायन शैलेश अग्रवाल ने कहा कि “भूखों को भोजन कराना सबसे बड़ा धर्म है। लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।”
सचिव संतोष अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी सदस्यों, प्रायोजकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं कोषाध्यक्ष अल्तमाश आलम ने बताया कि क्लब की सभी सेवा गतिविधियाँ पूरी पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संचालित की जा रही हैं।
संयुक्त सचिव राजीव चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे और समाज की सहभागिता से इन्हें और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे आगे आकर इस मानवीय सेवा अभियान में सहभागी बनें और जरूरतमंदों तक मदद पहुँचाने में सहयोग करें।

