रांची प्रो. आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बुधवार को पार्टी के चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने आदित्य साहू के नाम की विधिवत घोषणा की। रांची के हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में नये प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। इसके अलावा मौके पर 21 राष्ट्रीय नव निर्वाचित सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गयी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री उरांव ने कहा कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू एक सहज सरल व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने अपने परिश्रम और समर्पण से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने साहू को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड को विकसित झारखंड, अटल जी के संकल्पों का झारखंड बनाने के लिए भाजपा की सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि आदित्य साहू के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी और झारखंड में भाजपा एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी। इससे पहले उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में प्रो आदित्य साहू के नाम की घोषणा की।

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आदित्य साहू को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने साहू को बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष के रुप में गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए देखा है। जन समस्या और कार्यकर्ताओं के सुख दुख के प्रति उनकी संवेदशीलता सराहनीय है। बाबूलाला ने कहा कि झारखंड गठन के संकल्प अभी भी अधूरे हैं। राज्य की वर्तमान सरकार ने झारखंड को गर्त में धकेल दिया है। विधि व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस वसूली में मस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार झारखंड की समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रही है। अभी भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। आगे की अधूरी लड़ाई हम सब नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में लड़ेंगे और मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड के जल जंगल जमीन की सुरक्षा की लड़ाई अब भाजपा कार्यकर्ता आदित्य साहू के नेतृत्व में लड़ेंगे और ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने परिश्रम और अनुभवों से भाजपा को एक नई पहचान दी है। इनके अधूरे कार्यों को नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू पूरा करेंगे। झारखंड भाजपा का एक मजबूत संगठन खड़ा होगा और पार्टी जन आकांक्षाओं पर खरी उतरेगी।

पूर्व केंद्रित मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि नए अध्यक्ष का चयन शुभ मुहूर्त में हो रहा है। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि आदित्य साहू के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी और इनके नेतृत्व में झारखंड अपनी चुनौतियों से निकलकर बाहर आयेगा।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पीएन सिंह ने आदित्य साहू को बधाई देते हुए कहा कि साहू भाजपा के हीरा जैसे बहुमूल्य कार्यकर्ता हैं जिन्हें उन्होंने 20 वर्ष पूर्व ही पहचान लिया था।

एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हम सब मिलकर इनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करेंगे और जोर शोर से झारखंड की सत्ता में आएंगे।

विधायक सीपी सिंह ने भी नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी।