रांची : झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने ठाकुरगंगटी प्रखंड में जल संसाधन एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं के शुरू होने से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
फूलवरिया पंचायत के ग्राम रतनपुर में ₹1.1 करोड़ की लागत से नदी पर चेक डैम निर्माण कार्य, बनियाडीह पंचायत के हसनान घाट के पास कोआ नदी में ₹1.3 करोड़ की लागत से चेक डैम निर्माण, जोरिया में ₹1.7 करोड़ की लागत से बीयर (वीयर) निर्माण कार्य, पंजाड़ीह पंचायत के ग्राम मुकेरीचक में कोआ नदी पर ₹1.1 करोड़ की लागत से चेक डैम निर्माण तथा ग्राम विधानपुर में ₹54 लाख की लागत से पोखर जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ये सभी योजनाएं जल प्रबंधन को मजबूत करने, सिंचाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में दीर्घकालिक विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हर योजना को प्रभावी रूप से जमीन पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
स्थानीय लोगों ने इन योजनाओं के लिए मंत्री के प्रति आभार जताया और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी।

