नालंदा : बिहार शरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ से आठ लोगों की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मधडा गांव स्थित शीतलाष्टमी मंदिर में आज सुबह श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए गये थे।अत्यधिक भीड़ से लोगों में भगदड़ मच गयी। भगदड़ से आठ लोगों की मौत हो गयी है। मृतकों में सभी महिलाये हैं।
सूत्रों ने बताया कि मृतकों में से पांच की पहचान देवंती देवी,रेखा देवी,मालो देवी,चिंता देवी और कांति देवी के रूप में की गयी है। अन्य मृतकों की पहचान नहीं की जा सकी है। मंदिर में भगदड़ की घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं और पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है। घायल भक्तों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि मृतकों के शव को अब पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप लगा दिया है । मंदिर में भगदड़ की शुरुआत कैसे हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पा रही है, लेकिन मंगलवार को शीतला माता के मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या हर सप्ताह ज्यादा रहती है। चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण आज भी बड़ी संख्या में माता के भक्त पहुंचे थे। इस दौरान पास में एक मेला भी लगा था। सरसरी तौर पर भीड़ के प्रबंधन में लापरवाही के कारण घटना हुई है ।

