रांची : भाजपा अपने 47वें स्थापना दिवस को पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाएगी। स्थापना दिवस कार्यक्रम के संयोजक सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 6 अप्रैल को पार्टी के लाखों कार्यकर्ता और समर्थक अपने-अपने घरों में पार्टी का ध्वज लगाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश एवं जिला मुख्यालयों में पार्टी की विचारधारा, इतिहास और विकास यात्रा पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पिछले लगभग 12 वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पार्टी की नीतियों और विचारों के अनुरूप जनसेवा में किए गए कार्यों तथा विभिन्न भाजपा शासित राज्यों में सरकारों की लोक कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।

योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और स्थापना दिवस कार्यक्रम इसी संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।