राँची। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान ने गुरुवार को राँची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर जेपीएससी एवं जेएसएससी अभ्यर्थियों के अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में शामिल छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उनके आंदोलन को समर्थन देने का भरोसा दिया।

बीरेन्द्र प्रधान ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता पर युवाओं का विश्वास कायम रहना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि राज्य सरकार मामले की निष्पक्ष जांच कराने में सक्षम नहीं है, तो पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए, ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर पार्टी छात्रों और युवाओं की न्यायसंगत मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी उनके अधिकारों और हितों की आवाज़ हर मंच पर उठाती रहेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चिराग पासवान हमेशा छात्रों और युवाओं के हितों के पक्षधर रहे हैं तथा उन्होंने समय-समय पर केंद्र सरकार के समक्ष युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा और न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर उमेश तिवारी, आदित्य विजय प्रधान, रतन पासवान, भोला जी, ममता रंजन, मनीषा झा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।