रांची : निजी विद्यालयों की शुल्क वृद्धि, अभिभावक शिक्षक संघ (PTA) के गठन एवं शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत वंचित वर्ग के बच्चों के नामांकन को लेकर रांची जिला प्रशासन द्वारा आयोजित बैठक का झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्वागत किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पहली बार जिला प्रशासन ने निजी विद्यालयों की फीस वृद्धि के मुद्दे की गंभीरता को स्वीकार करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई की दिशा में ठोस पहल की है। उन्होंने कहा कि 92 विद्यालयों में नियम उल्लंघन की पुष्टि होना अभिभावकों द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही शिकायतों को सही साबित करता है।
अजय राय ने कहा कि मासिक शुल्क में एडजस्टमेंट कराने एवं फी-एडजस्टमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश अभिभावकों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही जिन विद्यालयों द्वारा PTA का गठन नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत वंचित वर्ग के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन आगे भी इसी गंभीरता के साथ निजी विद्यालयों की मनमानी पर नियंत्रण सुनिश्चित करेगा तथा अभिभावकों को न्याय दिलाने का कार्य करेगा।

