रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने की। बैठक में चुनाव आयोग द्वारा शुरू की जा रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में कहा गया कि देशभर में भाजपा, चुनाव आयोग के सहारे विपक्ष और कांग्रेस समर्थकों के वोट बैंक को निशाना बनाकर मतदाता सूची से नाम कटवाने और वोट चोरी का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इसी कड़ी में झारखंड में भी भाजपा इस रणनीति को लागू करने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि किसी भी हालत में झारखंड के मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से कटने नहीं दिया जाएगा और इसके खिलाफ पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में झारखंड में एसआईआर से जुड़ी हर प्रक्रिया को लेकर व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत हर प्रमंडल में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर जनता और कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। लोगों को यह भी बताया जाएगा कि वे अपना नाम मतदाता सूची से कटने से कैसे बचा सकते हैं। इसके अलावा एसआईआर के नाम पर भाजपा की कथित वोट कटवा नीति को बेनकाब करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि कांग्रेस झारखंड में हर नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और मतदाता सूची से नाम कटवाने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस मजबूती से विरोध करेगी। जनता को जागरूक कर हर घर तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि उनका वोट सुरक्षित है और कोई भी उनका अधिकार नहीं छीन सकता।
बैठक में मुख्य रूप से एआईसीसी एसआईआर ऑब्जर्वर राहुल बल, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, प्रवक्ता सोनल शांति, कमल ठाकुर, शांतनु मिश्रा, रियाज अंसारी, जगदीश साहू, निरंजन पासवान, ज़फर इमाम तथा प्रशांत पांडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

