महागामा। बढ़ती गर्मी और जल संकट की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के कार्यालय द्वारा एक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में खराब पड़े हैंडपंपों एवं पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जल आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में 8969392999 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिस पर नागरिक कॉल या व्हाट्सऐप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

कार्यालय द्वारा आश्वस्त किया गया है कि सूचना प्राप्त होते ही संबंधित टीम तुरंत मौके पर पहुँचेगी और हैंडपंप की मरम्मत अथवा अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है, ताकि गर्मी के इस कठिन समय में लोगों को राहत मिल सके।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि “हर बूंद की कीमत है और जनता की हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी व्यक्ति को पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए संघर्ष नहीं करना पड़े, यह सुनिश्चित करना सरकार का कर्तव्य है।”

इस पहल से महागामा सहित आसपास के क्षेत्रों में जल संकट से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।