महागामा : झारखंड कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं को हर हाल में मतदान का अधिकार सुनिश्चित कराने का सांगठनिक लक्ष्य तय किया है। इसी कड़ी में महागामा विधानसभा क्षेत्र के ठाकुरगंगटी प्रखंड में कांग्रेस द्वारा BLA (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड के 96 बूथों के कांग्रेस बूथ एजेंट शामिल हुए। प्रशिक्षण का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना था।

प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक सह राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी परिस्थिति में मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए और इसकी बड़ी जिम्मेदारी बूथ एजेंटों के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के माध्यम से झारखंड में भी भोले-भाले और कागजी प्रक्रियाओं की जानकारी नहीं रखने वाले लोगों के नाम हटाने की कोशिश हो सकती है। ऐसे में कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं को पूरी सजगता के साथ मैदान में उतरना होगा।

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर प्रत्येक मतदाता को उसके मताधिकार का अधिकार सुनिश्चित कराना कांग्रेस का कर्तव्य है। कांग्रेस की नीति, सिद्धांत और विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। महागामा को लेकर SIR प्रक्रिया के माध्यम से रची जा रही किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए इस तरह का प्रशिक्षण जरूरी है।

मंत्री ने कहा कि SIR प्रक्रिया की बारीकियों और जटिलताओं को समझना आवश्यक है, ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि कागजी प्रक्रियाओं से घबराने के बजाय जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपने वोट के अधिकार को सुरक्षित रखें। साथ ही युवाओं और शिक्षित मतदाताओं से ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से अपने परिवार की सही जानकारी दर्ज कराने की अपील भी की।

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार एक संवैधानिक अधिकार होने के साथ जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं को स्वतंत्रता के समय से ही मतदान का अधिकार प्राप्त है, जबकि कई विकसित देशों में महिलाओं को यह अधिकार पाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर मजबूती से संघर्ष कर रही है। राहुल गांधी की पहचान एक संघर्षशील नेता के रूप में स्थापित हो चुकी है। लोकतंत्र में जनता की आवाज को मजबूत करने के लिए मताधिकार का संरक्षण जरूरी है और यही इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य संकल्प है।

प्रशिक्षण शिविर में ट्रेनर मुद्दसिर खान, जिला अध्यक्ष याहया सिद्दीकी, ठाकुरगंगटी प्रखंड अध्यक्ष दीपिका मुर्मू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और बूथ एजेंट उपस्थित रहे।