रांची। हजारीबाग में अल्पसंख्यक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या और एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना की जांच के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर यह समिति बनाई गई है।

इस संबंध में शुक्रवार को जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि समिति का उद्देश्य घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवार एवं संबंधित पक्षों से मुलाकात कर वास्तविक स्थिति की जानकारी एकत्रित करना है, ताकि सत्य तथ्यों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी को विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा जा सके। जांच समिति के सदस्यों में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक ममता देवी, प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दुबे और प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मंजूर अंसारी शामिल है।

मुंजनी ने बताया कि समिति शीघ्र ही हजारीबाग पहुंचकर पीड़ित परिवार एवं घायल पत्रकार से मुलाकात करेगी तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी।

उल्लेखनीय है कि हजारीबाग मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पौता जंगल स्थित दंदाहा नदी से गत सोमवार को तीन शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मृतकों में दो युवती वशिफा नाज उर्फ खुशी, सानिया परवीन और एक युवक आदिल हुसैन शामिल थे। तीनों आपस में मौसेरे भाई-बहन थे। वहीं दूसरी ओर हजारीबाग शेख भिखारी कॉलेज अस्पताल परिसर में पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना घटी थी। हजारीबाग में तीन संदिग्ध मौत की जानकारी लेने के लिए गत मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पहुंचे थे। इस दौरान इन्होंने परिजनों से वार्ता किया और प्रशासन को जल्द से जल्द जांच पूरी करने का निर्देश दिया था।

दूसरी ओर पत्रकार के सवाल पर वहां उपस्थित असामाजिक तत्वों ने मंत्री के सामने ही पत्रकारों के साथ बदसलूकी और हाथापाई कर दी थी। मारपीट में एक पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इसकेेे बाद राज्य के सभी जिलों में पत्रकारों के साथ मारपीट के विरोध में पत्रकारों ने प्रदर्शन किया और दोषी को गिरफ्तार करने की मांग की थी।