रांची। झारखंड की राजधानी रांची की समकालीन कलाकार पूजा जायसवाल अंतरराष्ट्रीय कला जगत में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रही हैं। वह 19 से 22 नवंबर 2026 तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित प्रतिष्ठित ‘वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026’ में अपनी विशिष्ट कलाकृतियां प्रदर्शित करेंगी। यह रांची सहित पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में दुनिया के विभिन्न देशों से कलाकार, कला संग्रहकर्ता, गैलरी संचालक और कला विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं।
वर्ल्ड आर्ट दुबई अपने 12वें संस्करण में मध्य पूर्व एवं उत्तरी अफ्रीका (MENA) क्षेत्र के प्रमुख समकालीन कला मेलों में अपनी पहचान बना चुका है। इस वर्ष के आयोजन में 65 से अधिक देशों के 300 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 200 से अधिक एकल कलाकार और 65 से ज्यादा आर्ट गैलरी शामिल हैं।
फूलों और प्रकृति की खूबसूरती को देती हैं कलात्मक रूप
पूजा जायसवाल की कलाकृतियों की खासियत है उनकी अनूठी रचनात्मक शैली है। उनकी कला में फूलों की उभरी हुई त्रिआयामी आकृतियां (Sculptural Floral Reliefs), प्राकृतिक स्वरूप और आकर्षक बनावट का खूबसूरत संगम देखने को मिलता है। बगीचों, फूलों, पत्तियों, रंगों और प्रकृति से प्रेरणा लेकर वह सामान्य प्राकृतिक तत्वों को कल्पनाशील एवं आकर्षक कलाकृतियों में बदल देती हैं।
उनकी कलात्मक यात्रा लगभग सात वर्ष पूर्व शुरू हुई। अपेक्षाकृत जीवन के बाद के पड़ाव में कला की दुनिया से जुड़ने के बावजूद उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी कलाकृतियों में बारीकियों, रंगों और प्रकृति के प्रति गहरा लगाव स्पष्ट दिखाई देता है।
पूजा जायसवाल के लिए कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि शांति, सुकून और आत्मिक अनुभूति का संसार है। उनकी कोशिश अपनी कलाकृतियों के जरिए लोगों को प्रकृति की सुंदरता से जोड़ने और रोजमर्रा की भागदौड़ के बीच कुछ पल ठहरकर जीवन की खूबसूरती महसूस करने का अवसर देने की है।
वैश्विक पहचान बनाने का मिलेगा अवसर
वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026 में सहभागिता पूजा जायसवाल की कलात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस मंच के माध्यम से उन्हें अंतरराष्ट्रीय कला संग्रहकर्ताओं, क्यूरेटरों, डिजाइनरों और कला प्रेमियों के सामने अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। झारखंड की महिलाओं को उमीद अंतरराष्ट्रीय पहचान मिले ।

