तमाड़ (रांची)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रविवार को तमाड़ स्थित प्राचीन माँ दिउड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। इस अवसर पर उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक पुरोहित मनोज पंडा तथा मुख्य पाहन सुखराम द्वारा संपन्न कराई गई।
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंच गए। लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनके बीच पहुंचने पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने मात्र से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने राज्यवासियों के सुखद, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए माँ दिउड़ी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

