रांची। झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2013 बैच के वरिष्ठ अधिकारी शैलेन्द्र कुमार लाल का स्थानांतरण कर दिया है। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार, शैलेन्द्र कुमार लाल को प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त, संताल परगना प्रमंडल, दुमका के पद पर नियुक्त एवं पदस्थापित किया गया है। यह नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

स्थानांतरण के बाद अब उन्हें संताल परगना प्रमंडल के प्रशासनिक दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शैलेंद्र कुमार लाल का संताल परगना से पुराना प्रशासनिक जुड़ाव रहा है. वे दुमका, बरहरवा और राजमहल में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. इन क्षेत्रों में लंबे समय तक काम करने के कारण उन्हें संताल परगना के प्रशासनिक ढांचे और स्थानीय परिस्थितियों की अच्छी समझ है. संताल परगना के विभिन्न जिलों में काम करने का उनका अनुभव अब प्रमंडलीय स्तर की जिम्मेदारी में उपयोगी साबित होने की उम्मीद है. दुमका, बरहरवा, राजमहल और देवघर में कार्य करने के कारण प्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों की प्रशासनिक परिस्थितियों से उनकी पहले से परिचितता है. शैलेन्द्र कुमार लाल इससे पहले मिशन निदेशक-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, झारखंड कौशल विकास मिशन सोसायटी के पद पर पदस्थापित थे।