इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही एक छात्रा की चौथी मंजिल से गिरने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात न्यू बर्ग कॉलोनी क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान अवंतिका मोर्य के रूप में हुई है, जो न्यू बर्ग कॉलोनी स्थित एक निजी भवन में किराये पर रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 11:30 बजे वह मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए बालकनी में टहल रही थी। इसके बाद वह बातचीत करते हुए भवन की ऊपरी मंजिलों की ओर चली गई। कुछ देर बाद चौथी मंजिल से गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।
गंभीर रूप से घायल अवंतिका को उसके पिता डॉ. बंशीलाल मोर्य पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अवंतिका इंदौर में अपनी बड़ी बहन के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसकी बड़ी बहन चिकित्सक हैं, जबकि पिता डॉ. बंशीलाल मोर्य भी डॉक्टर हैं। परिवार मूल रूप से धार जिले का निवासी है। जानकारी के अनुसार डॉ. मोर्य इन दिनों एमवाय अस्पताल में प्रशिक्षण के सिलसिले में इंदौर आए हुए थे।
पुलिस को दिए बयान में डॉ. मोर्य ने बताया कि घटना के समय वह फ्लैट के अंदर मौजूद थे। अवंतिका किस परिस्थिति में चौथी मंजिल तक पहुंची और कैसे नीचे गिरी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय वह मोबाइल पर किससे बात कर रही थी, इसका भी अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

